📚 CBSE Grade-10 Study Guide Open in the Study Guide single page app →
HomeHindi

Hindi — CBSE Class 10 board question

Q1. [5]
जलवायु परिवर्तन के दौर में गरमी का बढ़ता प्रकोप अनेक चिंताएँ उत्पन्न कर रहा है । भूमि के सभी क्षेत्र गरमी के प्रकोप से समान रूप से प्रभावित नहीं होते हैं । जहाँ अधिक हरियाली है, पेड़ हैं, वहाँ गरमी की मार अपेक्षाकृत कम है, जहाँ पूरा क्षेत्र सीमेंट-कंक्रीट के निर्माणों और सड़कों से भरा पड़ा है, वहाँ गरमी अधिक होती है । प्रायः किसी भी शहर के लिए एक ही तापमान बताया जाता है, पर वास्तव में एक ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों के तापमान में बहुत अंतर होता है । 10 डिग्री सेल्सियस या उससे भी अधिक का अंतर एक ही महानगर या बड़े शहर के भीतर देखा जा सकता है । वृद्ध और पहले से कमज़ोर स्वास्थ्य के लोगों पर चरम गरमी के दिनों में विशेष ध्यान देने की जरूरत है । गरमी के प्रकोप से उन लोगों की स्थिति और बिगड़ सकती है, जो पहले से साँस व हृदय संबंधी समस्याओं से त्रस्त हैं । पर्यावरणविदों के अनुसार, शहरों में अधिक तापमान के कुछ प्रमुख कारण इस प्रकार हैं । आधुनिक शहरों का आकार-प्रकार वायु के बहाव के हिसाब से ठीक नहीं है । गाँव में हवा रुकती नहीं है, लेकिन शहरों में ऊँची इमारतों की वजह से हवा रुकती है और बेचैनी बढ़ती है । शहर रेगिस्तान की तरह होने लगे हैं । कई जगहों पर किसी वनस्पति का नामोनिशान नहीं होता है, ऐसे इलाकों पर बारिश भी बेअसर होती है । वाष्पीकरण कम होता है और गरमी बढ़ जाती है । शहरों में मानव-जनित ऊष्मा भी बहुत बढ़ गई है । पेट्रोलियम पदार्थों के अधिकतम उपयोग से भी शहरी तापमान बढ़ रहा है । गरमी के प्रकोप को कम करने के लिए बसावट सुधारने से हरियाली बढ़ाने तक बहुत काम हैं, जो हमें करने चाहिए । स्थानीय प्रजाति के वृक्षों की संख्या बढ़ाने तथा परंपरागत जलस्रोतों की रक्षा पर ध्यान देना चाहिए ।
निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के लिए सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए :
  1. (i) शहरी क्षेत्रों में अधिक तापमान का क्या कारण है ?
    1. (a) शहरों में बहुमंज़िला इमारतों का होना
    2. (b) शहरों में पक्की सड़कों का जाल होना
    3. (c) शहरों में हरियाली का असमान रूप में पाया जाना
    4. (d) शहरों में सीमेंट-कंक्रीट के निर्माण का अधिक होना
  2. (ii) शहरी क्षेत्रों में असमान तापमान का क्या कारण है ?
    1. (a) हरियाली की तुलना में सीमेंट-कंक्रीट का अधिक होना
    2. (b) हरियाली की तुलना में सीमेंट-कंक्रीट के निर्माण का अधिक होना
    3. (c) शहरों में हरियाली का असमान अनुपात
    4. (d) शहरों में हरियाली का कम होना
  3. (iii) गरमी के प्रकोप से किन लोगों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है ?
    1. (a) कमज़ोर लोगों पर
    2. (b) वृद्ध लोगों पर
    3. (c) वृद्ध व कमज़ोर स्वास्थ्य के लोगों पर
    4. (d) साँस व हृदय संबंधी समस्याओं से ग्रसित लोगों पर
  4. (iv) परंपरागत जलस्रोतों का उचित विकल्प है :
    1. (a) कुआँ, पोखर, नलकूप
    2. (b) कुआँ, हैंडपंप, पोखर
    3. (c) कुआँ, तालाब, नलकूप
    4. (d) कुआँ, तालाब, बावड़ी
  5. (v) निम्नलिखित कथन (A) तथा कारण (R) को ध्यानपूर्वक पढ़िए । उसके बाद दिए गए विकल्पों में से कोई एक सही विकल्प चुनकर लिखिए । कथन (A) : गाँव में हवा रुकती नहीं है, लेकिन शहरों में हवा रुकती है । कारण (R) : आधुनिक शहरों का आकार-प्रकार वायु के बहाव के हिसाब से ठीक नहीं है ।
    1. (a) कथन (A) तथा कारण (R) दोनों ग़लत हैं ।
    2. (b) कथन (A) ग़लत है, लेकिन कारण (R) सही है ।
    3. (c) कथन (A) सही है, लेकिन कारण (R), कथन (A) की ग़लत व्याख्या करता है ।
    4. (d) कथन (A) तथा कारण (R) दोनों सही हैं तथा कारण (R), कथन (A) की सही व्याख्या करता है ।
Previously asked in CBSE board exam
2023 4/5/1 Q1
Generated by claude-sonnet-4-6 · 2026-06-15 07:21 · grounding stimulus
Model Answer

(i) (d) शहरों में सीमेंट-कंक्रीट के निर्माण का अधिक होना

(ii) (c) शहरों में हरियाली का असमान अनुपात

(iii) (c) वृद्ध व कमज़ोर स्वास्थ्य के लोगों पर

(iv) (d) कुआँ, तालाब, बावड़ी

(v) (d) कथन (A) तथा कारण (R) दोनों सही हैं तथा कारण (R), कथन (A) की सही व्याख्या करता है ।

---

Explanation
If a question refers to an image, map, graph or diagram that is not shown here, open the Study Guide single page app, go to Library and find the actual CBSE question paper. The original papers are also available on the CBSE website: cbse.gov.in.
Previous-year CBSE Grade 10 board exam questions, organised by subject and chapter, each with a model answer — free to read and print.