Q1. [7]
रंगमंच की दुनिया में मोबाइल थियेटर अबूझा नाम नहीं और असम में तो ये मनोरंजन का दूसरा नाम है। देश ही नहीं दुनिया भर में अपनी तरह का अनोखा, चलता-फिरता रंगमंच जो खानाबदोश जिंदगी जीता है। जिसका आज यहाँ ठौर, तो कल वहाँ ठिकाना इसलिए इसे भ्रमण थियेटर भी कहते हैं।
असम में फिल्मों से ज्यादा मोबाइल थियेटर लोकप्रिय है। असम के लेखकों और कलाकारों के लिए ये थियेटर किसी संजीवनी से कुछ कम नहीं हैं। ट्रकों पर खाने-पीने से लेकर स्टेज, कुर्सी, पोशाक, तकनीकी उपकरणों समेत सारे सामानों से लदकर ये आठ से नौ महीनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लगातार प्रदर्शन करते हैं। रूपरेखा भले ही नाटक की हो, पर इसका स्टाइल पूरा फिल्मी है। फिल्मों की तरह इन थियेटरों में दिखाए जाने वाले नाटकों का भी बैनर, पोस्टर लगाकर खूब प्रचार होता है।
थियेटर शब्द सुनकर आमतौर पर गंभीर विषयवस्तु और श्वेत-श्याम स्टेज के नाटकों का खाका मस्तिष्क में उभरता है। ये घुमक्कड़ रंगमंच मंचन भले ही नाटकों का करते हैं, लेकिन इनमें पटकथा से लेकर नाच-गाना, एक्शन, इमोशन हर तरह का फिल्मी मसाला होता है। अभिनय और प्रस्तुति के मामले में यहाँ मनोरंजन से कोई समझौता नहीं होता।
टी.वी., केबल चैनलों और नई तकनीकों का इसके बाज़ार पर भी असर पड़ा है। बाज़ार और तकनीकी चहलकदमी ने इसका रूप ही नहीं रुख भी बदल दिया है लेकिन फिर भी इंटरनेट की तकनीकी आँधी इसके तंबू को उखाड़ नहीं पाई है। इसकी वजह है इसकी विविधता में वास्तविकता। पुरानी लाइटिंग, साउंड, तकनीकी उपकरणों के बावजूद इनके सेट एकदम असली लगते हैं और उस पर कलाकारों की जीवंत और उम्दा प्रस्तुति की तो बात ही क्या! अपनी मौलिकता की वजह से समय की रेत पर यह आज भी अपनी पहचान के साथ स्थिर खड़ा है।
निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए-
- (i) मोबाइल थियेटर से क्या अभिप्राय है? [1]
- A मोबाइल पर देखे जाने वाला थियेटर
- B मोबाइल की सहायता से बना थियेटर
- C चलते-फिरते देखे जाने वाला थियेटर
- D चलता-फिरता थियेटर
- (ii) निम्नलिखित कथन तथा कारण को ध्यान से पढ़िए और उचित विकल्प का चयन कर लिखिए :
कथन : असम के लेखकों, कलाकारों के लिए मोबाइल थियेटर संजीवनी हैं।
कारण : मोबाइल थियेटर उन्हें आत्मिक, सामाजिक और आर्थिक संतुष्टि प्रदान करता है। [1]
- A कथन और कारण दोनों गलत हैं।
- B कारण सही है किंतु कथन गलत है।
- C कथन सही है किंतु कारण कथन की गलत व्याख्या करता है।
- D कथन तथा कारण दोनों सही हैं और कारण कथन की सही व्याख्या करता है।
- (iii) मोबाइल थियेटर के संबंध में निम्नलिखित में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं :
(I) मोबाइल थियेटर फिल्मी मसालों से युक्त होते हैं।
(II) मोबाइल थियेटर असम में मनोरंजन का एकमात्र साधन हैं।
(III) बाज़ारवाद और तकनीक का प्रभाव मोबाइल थियेटरों पर भी पड़ा है। [1]
- A केवल (II) सही है।
- B केवल (III) सही है।
- C (I) और (II) सही हैं।
- D (I) और (III) सही हैं।
- (iv) मोबाइल थियेटर पारंपरिक थियेटर से किस प्रकार भिन्न हैं? 25-30 शब्दों में लिखिए। [2]
- (v) समय की रेत पर मोबाइल थियेटर की पहचान को स्थिर रखने वाली कौन-सी विशेषता है? किन्हीं दो बिंदुओं का उल्लेख कीजिए। [2]
Previously asked in CBSE board exam
2025 4/4/1 Q1
Generated by claude-sonnet-4-6 · 2026-06-15 10:14 · grounding stimulus
Model Answer
(i) उत्तर: D — चलता-फिरता थियेटर
(ii) उत्तर: C — कथन सही है किंतु कारण कथन की गलत व्याख्या करता है।
(गद्यांश में केवल यह कहा गया है कि यह थियेटर लेखकों-कलाकारों के लिए संजीवनी है; 'आत्मिक, सामाजिक और आर्थिक संतुष्टि' का उल्लेख नहीं है।)
(iii) उत्तर: D — (I) और (III) सही हैं।
(गद्यांश में मोबाइल थियेटर को मनोरंजन का 'दूसरा नाम' कहा है, 'एकमात्र साधन' नहीं; अतः कथन II गलत है।)
(iv) पारंपरिक थियेटर में गंभीर विषयवस्तु और सादा श्वेत-श्याम मंच होता है, जबकि मोबाइल थियेटर में नाच-गाना, एक्शन, इमोशन जैसे फिल्मी मसाले होते हैं। साथ ही यह चलता-फिरता है और बैनर-पोस्टर से फिल्मों की तरह प्रचार भी करता है।
(v) मोबाइल थियेटर की पहचान को स्थिर रखने वाली दो विशेषताएँ:
- विविधता में वास्तविकता — पुरानी तकनीक के बावजूद इनके सेट एकदम असली लगते हैं।
- कलाकारों की जीवंत एवं उम्दा प्रस्तुति — मंच पर सजीव अभिनय दर्शकों को बाँधे रखता है।
---
Explanation
- (i) गद्यांश में स्पष्ट है — "चलता-फिरता रंगमंच"; D सबसे सटीक है।
- (ii) MCQ में कारण जाँचें — गद्यांश 'संजीवनी' शब्द का प्रयोग करता है पर 'आर्थिक/आत्मिक संतुष्टि' का उल्लेख नहीं, इसलिए C सही।
- (iii) 'मनोरंजन का दूसरा नाम' ≠ 'एकमात्र साधन' — यह अंतर परीक्षा में महत्वपूर्ण है।
- (iv) 2-अंक के उत्तर में दो स्पष्ट अंतर-बिंदु लिखें; शब्द-सीमा का ध्यान रखें।
- (v) उत्तर सीधे अंतिम अनुच्छेद से लें — 'विविधता में वास्तविकता' और 'जीवंत प्रस्तुति' दो प्रमुख कारण हैं।
If a question refers to an image, map, graph or diagram that is not shown here, open the Study Guide single page app, go to
Library and find the actual CBSE question paper. The original papers are also available on the CBSE website:
cbse.gov.in.